भारत ने तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 255 रन बनाए, न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस जीत के साथ भारत ने तीन साल में तीसरी ICC ट्रॉफी अपने नाम कर ली। साथ ही टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाली पहली टीम बनी, जबकि संजू सैमसन ने टूर्नामेंट में एक एडिशन में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाकर विराट कोहली का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम
टीम इंडिया ने खिताब जीतने के साथ ही लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में रिकॉर्ड 15वीं बार फाइनल खेलने उतरी थी। यह सफर 1983 विश्व कप से शुरू हुआ था, जब कपिल देव की कप्तानी में भारत ने पहली बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। तब से अब तक टीम इंडिया आईसीसी के बड़े टूर्नामेंटों में कुल आठ आईसीसी ट्रॉफियां अपने नाम कर चुकी है।
भारतीय टीम ने कई बड़े खिताब जीते हैं, लेकिन लगातार तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने की उपलब्धि भी हासिल कर ली। भारत ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। इस टी20 विश्वकप में जीत के साथ ही भारत ने लगातार तीन आईसीसी ट्रॉफी जीत लीं, जो कि पहली बार है।
भारत एक टी-20 वर्ल्ड कप में 100+ छक्के लगाने वाली पहली टीम
भारत एक टी-20 वर्ल्ड कप में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाली पहली टीम बन गई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में 106 छक्के लगाए। इस रिकॉर्ड में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज है, जिसने 2026 में ही 76 छक्के लगाए।
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बनाया
अहमदाबाद में खेले गए 2026 टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने 255 रन का विशाल स्कोर बनाया। यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। दूसरा स्थान भी भारत के नाम है, जिसने 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 176 रन बनाए थे। इसके बाद 2021 के फाइनल में न्यूजीलैंड का 172/4 और 2007 के फाइनल में भारत का 157/5 स्कोर शामिल है।
टी20 विश्वकप की शुरुआत
टी20 विश्वकप की शुरुआत साल 2007 में हुई थी। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित वर्ल्डकप में महेंद्र सिंह धोनी ने भारत की युवा टीम की अगुआई की थी और भारत को विजेता बनाकर लौटे थे। फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच रनों से हराया था। इस मैच में गौतम गंभीर ने शानदार 75 रन बनाए थे। वहीं इरफान पठान ने 16 रन देकर तीन विकेट लिए थे और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता था। पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने इस टूर्नामेंट में 91 रन बनाए थे और 12 विकेट निकाले थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था।


भारतीय हॉकी खिलाड़ी गुरजंत सिंह ने संन्य...
ओलंपिक्स ट्रांसजेंडर बैन 2028: IOC के नि...
एशिया कप तीरंदाजी स्टेज-1 में भारत का शा...

