Rajasthan Day 2026: राजस्थान दिवस (Rajasthan Diwas) की तारीख में बदलाव के साथ इस साल एक नई परंपरा शुरू हो रही है। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि अब से राजस्थान दिवस हिंदी पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन मनाया जाएगा। इसी आधार पर 2026 में राजस्थान दिवस 19 मार्च को आयोजित किया जाएगा। पहले यह दिवस हर साल 30 मार्च को मनाया जाता था, जबकि पिछले साल इसे 25 मार्च को मनाया गया था। यह बदलाव राज्य की सांस्कृतिक और पंचांग परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
पर्यटन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी
राजस्थान दिवस को लेकर पर्यटन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम जयपुर के अल्बर्ट हॉल परिसर में आयोजित होंगे, जहां लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और परंपरा को दर्शाने वाले आयोजन होंगे। इसके अतिरिक्त जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, उदयपुर सहित कई शहरों में भी लाइट एंड साउंड शो, लोक नृत्य और पर्यटन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इतिहास से जुड़ा है खास महत्व
राजस्थान दिवस का इतिहास प्रदेश के एक होने से जुड़ा हुआ है। 30 मार्च 1949 को जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर और बीकानेर सहित कई रियासतों के विलय के बाद वृहत्तर राजस्थान संघ का गठन हुआ था। इससे पहले यह क्षेत्र राजपूताना कहलाता था। राजस्थान का एकीकरण सात चरणों में पूरा हुआ, जिसकी शुरुआत साल 1948 में अलवर, भरतपुर, धौलपुर और करौली के विलय से हुई थी। धीरे-धीरे अन्य रियासतों के जुड़ने के बाद आज का राजस्थान अस्तित्व में आया।
स्थापना दिवस एवं राजस्थान दिवस में अंतर
राजस्थान दिवस एवं राजस्थान स्थापना दिवस अलग-अलग अवसर हैं। जहां राजस्थान दिवस 1949 में वृहत्तर राजस्थान संघ के गठन की याद में मनाया जाता है, वहीं 01 नवंबर 1956 को अंतिम रूप से राज्य के गठन के बाद स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसी दिन अजमेर मेरवाड़ा के विलय के साथ वर्तमान राजस्थान की संरचना पूरी हुई थी।
संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
राजस्थान दिवस केवल ऐतिहासिक दिन ही नहीं, बल्कि प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को दिखाने का भी बहुत बड़ा अवसर है। इस मौके पर प्रमुख पर्यटन स्थलों और ऐतिहासिक स्मारकों को सजाया जाता है, रोशनी की जाती है और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए राजस्थान की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाया जाता है।


उगादी त्योहार किस राज्य में मनाया जाता ह...
महाराष्ट्र विधानसभा ने धर्म की स्वतंत्रत...
पंजाब में ‘श्री गुरु तेग बहादुर वर्ल्ड क...

