बीबीसी ने 2023 की दुनिया भर की सबसे प्रेरक और प्रभावशाली महिलाओं की सूची जारी की है। इनमें मानवाधिकार मामलों की वकील अमाल क्लूनी, हॉलीवुड अभिनेत्री अमेरिका फरेरा, नारीवादी आइकॉन ग्लोरिया स्टेइनेम,अमेरिका की पूर्व फ़र्स्ट लेडी मिशेल ओबामा, ब्यूटी बिज़नेस शुरू करने वाली हुडा कातान और बैलन डि ओर ख़िताब जीतने वाली फुटबॉलर ऐताना भनमति शामिल हैं।
इस साल दुनिया में भीषण गर्मी, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं ने सुर्ख़ियां बटोरी हैं इसलिए इस सूची में वे महिलाएं भी शामिल हैं जिन्होंने जलवायु परिवर्तन का सामना करने में अपने समुदाय की मदद की है और जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने लिए क़दम उठाए। बीबीसी 100 वीमेन में हम लोगों ने यूनाइटेड नेशंस क्लाइमेट चेंज कांफ्रेंस, सीओपी 28 से पहले जलवायु संरक्षण पर काम करने वाली 28 महिलाओं को शामिल किया है।
बीबीसी 100 महिला 2023 जिसमें चार भारतीय महिलाएं शामिल हैं। अभिनेत्री दीया मिर्जा, क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, फोटोग्राफर आरती कुमारराव और तिब्बती बौद्ध नन जेत्सुनमा तेनजिन पाल्मो।
अभिनेत्री दीया मिर्जा ने न केवल भारतीय सिनेमा में अपनी भूमिकाओं के लिए पुरस्कार जीते हैं, बल्कि वह कई पर्यावरण और मानवीय सहायता परियोजनाओं का भी हिस्सा हैं। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के सद्भावना राजदूत के रूप में, मिर्ज़ा जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ हवा और वन्यजीव संरक्षण जैसे मुद्दों से जुड़े संदेशों को प्रचारित करती रही हैं। वह प्रोडक्शन हाउस वन इंडिया स्टोरीज़ की संस्थापिका हैं, जिसका उद्देश्य प्रभावशाली कहानियाँ लोगों तक पहुँचाना है। दीया इन कहानियों के बारे में बताती हैं, “ये आपको रुकने और सोचने पर मजबूर करती हैं।” वह सेव द चिल्ड्रेन, इंटरनेशनल फंड फॉर एनिमल वेलफ़ेयर की राजदूत और सैंक्चुअरी नेचर फाउंडेशन की बोर्ड सदस्य भी हैं।
इस साल हरमनप्रीत कौर, विज़डन के पांच क्रिकेटर्स ऑफ दि ईयर में अपना नाम दर्ज कराने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी थीं। भारत की राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत, देश और विदेश में ढेरों रन बना चुकी हैं. पिछले साल उनकी अगुवाई में भारतीय टीम ने कॉमनवेल्थ खेलों का सिल्वर मेडल जीता था। घरेलू क्रिकेट में हरमनप्रीत ने इसी साल मार्च में पहली विमेन्स प्रीमियर लीग में अपनी टीम मुंबई इंडियंस को जीत दिलाई थी। 2017 में हरमनप्रीत ने अपने करियर में बड़ी कामयाबी हासिल की थी, जब महिलाओं के वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मैच में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ 115 गेंदों में 171 रन बनाए थे। उनकी शानदार पारी की वजह से ही भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी।
1940 के दशक में इंग्लैंड में पैदा हुईं जेस्टूनमा तेनज़िन पाल्मो ने किशोर उम्र में बौद्ध धर्म अपना लिया। 20 वर्ष की उम्र में उन्होंने भारत की यात्रा की और तिब्बती बौद्ध भिक्षुणी बनने वाली पश्चिम की पहली महिलाओं में शामिल हुईं। महिला धर्मावलंबियों का दर्जा बढ़ाने के लिए पाल्मो ने हिमाचल प्रदेश में डोंगयू गतसाल लिंग भिक्षुगृह बनाया जहां 120 से अधिक भिक्षुणियाँ रहती हैं। उन्हें हिमाचल की एक दूर दराज़ की गुफा में बारह साल बिताने के लिए जाना जाता है, इनमें से तीन साल गहन ध्यान में बीता। 2008 में उन्हें जेस्टूनमा के पद से सम्मानित किया गया जिसका अर्थ होता है सम्मानित गुरु।
स्वतंत्र फ़ोटोग्राफ़र, लेखक और नेशनल ज्योग्राफ़िक एक्सप्लोरर आरती कुमार राव पूरे दक्षिण एशिया में काम करते हुए जलवायु परिवर्तन से आने वाले बदलावों का दस्तावेज़ तैयार करती हैं। वह इसका ब्योरा तैयार करती हैं कि कैसे तेज़ी से घटते भूगर्भ जल, प्राकृतिक क्षेत्रों की बर्बादी और उद्योग के लिए भूमि अधिग्रहण जैव विविधता को नुक़सान पहुंचाते हैं और कैसे इससे आम ज़मीन का दायरा कम होता है जिससे लाखों लोग विस्थापित होते हैं और कई जीव विलुप्त हो जाते हैं। आरती ने भारतीय उप-महाद्वीप के हर कोने को एक दशक में छान मारा है, और उनकी कहानियां बताती हैं कि पर्यावरणीय बर्बादी आजीविका और जैव विविधता को प्रभावित करती है। उनकी किताब ‘मार्जिन लैंड: इंडियाज़ लैंडस्केप्स ऑन द ब्रिंक’ सबसे मुश्किल पर्यावरण वाले इलाके में रहने वालों के अनुभव को बताती है।
सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण बातें:
देश की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश की राजनीति का अहम…
मशहूर TCS वर्ल्ड 10k बेंगलुरु रेस (TCS World 10k Bengaluru race) 26 अप्रैल 2026 को…
बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda) ने अपने ग्राहकों के अनुभव को और बेहतर बनाने…
भारत ने अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को मज़बूत करने की दिशा में एक…
विश्व स्वास्थ्य दिवस के विशेष अवसर पर 07 अप्रैल 2026 को महाराष्ट्र सरकार ने ग्रामीण…
भारत में वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या बनी हुई है, और एक नई रिपोर्ट ने…