Home   »   Top Current Affairs News 07 April...

Top Current Affairs News 07 April 2023: फटाफट अंदाज में

Top Current Affairs 07 April 2023 in Hindi: बता दें, आज के इस दौर में सरकारी नौकरी पाना बेहद मुश्किल हो गया है। गवर्नमेंट जॉब की दिन रात एक करके तयारी करने वाले छात्रों को ही सफलता मिलती है। उनकी तैयारी में General Knowledge और Current Affairs का बहुत बड़ा योगदान होता है, बहुत से प्रश्न इसी भाग से पूछे जाते हैं। सरकारी नौकरी के लिए परीक्षा का स्तर पहले से कहीं ज्यादा कठिन हो गया है, जिससे छात्रों को और अधिक मेहनत करने की आवश्यकता है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए हम 07 अप्रैल के महत्वपूर्ण करेंट अफेयर लेकर आए हैं, जिससे तैयारी में मदद मिल सके।

 

Top Current Affairs 07 April 2023

 

पिछले 3 साल में आवश्यक खाद्य पदार्थों की औसत कीमतों में हुई कितनी वृद्धि?

केंद्र ने पिछले 3 साल में 22 आवश्यक खाद्य पदार्थों की औसत कीमतों में हुई वृद्धि के आंकड़े शेयर किए हैं। 2020 में सरसों के तेल की कीमत ₹123.30/लीटर थी जो 2021 में ₹170.70/लीटर और 2022 में ₹182/लीटर हो गई। वहीं, 2020 में सोयाबीन तेल की कीमत ₹102.80/लीटर थी जो 2021 में ₹147.30/लीटर और 2022 में ₹158.40/लीटर हो गई।

 

केंद्र सरकार ने भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 को दी मंज़ूरी

केंद्र ने गुरुवार को भारतीय अंतरिक्ष नीति 2023 को मंज़ूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, “इस नीति का उद्देश्य भारतीय अंतरिक्ष विभाग की भूमिका को बढ़ाना, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) मिशन की गतिविधियों तथा अनुसंधान, शिक्षा, स्टार्टअप एवं उद्योग की बड़ी भागीदारी को बढ़ावा देना है।” भारतीय अंतरिक्ष संघ ने इसे ‘ऐतिहासिक क्षण’ बताया है।

 

सीआरपीएफ में कॉन्स्टेबल के 10% पद पूर्व अग्निवीरों के लिए होंगे आरक्षित: केंद्र

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सामान्य ड्यूटी कॉन्स्टेबल पदों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10% आरक्षण की घोषणा की है। मंत्रालय के मुताबिक, अग्निवीर के पहले बैच को आयु सीमा में 5 साल जबकि बाद के बैच को 3 साल की छूट होगी। वहीं, सीधी भर्ती में 18-23 साल के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में किया हेल्थ एटीएम का उद्घाटन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में हेल्थ एटीएम का उद्घाटन किया। इन हेल्थ एटीएम के माध्यम से लोग हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर सहित 72 प्रकार के टेस्ट खुद कर सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने अधिसूचना जारी कर कहा है कि हेल्थ एटीएम की जांच के नतीजे के आधार पर स्वयं दवा न लेकर डॉक्टर से सलाह लें।

 

शार्दुल ठाकुर ने बनाया आईपीएल का अपना सर्वाधिक स्कोर

कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के ऑल-राउंडर शार्दुल ठाकुर ने आईपीएल-2023 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ मैच में 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा और अपना सर्वाधिक आईपीएल स्कोर बनाया। राजस्थान रॉयल्स के जॉस बटलर के साथ यह इस सीज़न का संयुक्त रूप से सबसे तेज़ अर्धशतक है। शार्दुल 68(29) रन बनाकर पारी के आखिरी ओवर में आउट हुए।

 

2023 का मार्च महीना संयुक्त रूप से रहा पृथ्वी का अब तक का दूसरा सबसे गर्म मार्च

यूरोपीय संघ की कॉपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 का मार्च महीना संयुक्त रूप से (2017, 2019, 2020 के साथ) पृथ्वी का अब तक का दूसरा सबसे गर्म मार्च रहा। बकौल रिपोर्ट, इस साल मार्च का तापमान 1991-2020 के औसत तापमान से 0.51°C अधिक दर्ज हुआ। गौरतलब है, अब तक का सबसे गर्म मार्च साल 2016 का है।

 

2022 में 61.9 लाख विदेशी पर्यटक घूमने आए भारत: सरकार

केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने गुरुवार को राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि 2022 में 61.9 लाख विदेशी पर्यटकों ने भारत की यात्रा की। उन्होंने बताया कि इससे पहले 2021 में यह संख्या 15.2 लाख थी। बकौल रेड्डी, 2022 में पर्यटन से प्राप्त विदेशी मुद्रा आय ₹1,34,543 करोड़ व 2021 में ₹65,070 करोड़ रही।

 

वैश्विक अर्थव्यवस्था में इस साल 3% से कम वृद्धि होने का अनुमान: आईएमएफ की एमडी

आईएमएफ की एमडी क्रिस्टलीना जॉर्जीवा ने कहा है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में इस साल 3% से कम वृद्धि होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि अगले 5-वर्षों में वैश्विक अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर करीब 3% रह सकती है। बकौल जॉर्जीवा, आईएमएफ द्वारा 1990 के बाद से यह मध्यम अवधि की वृद्धि दर के लिए जताया गया सबसे कम अनुमान है।

 

फुटबॉल टीमों की ताज़ा रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा अर्जेंटीना

फीफा विश्व कप 2022 जीतने वाला अर्जेंटीना ताज़ा फीफा टीम रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंच गया है। टूर्नामेंट का उप-विजेता रहा फ्रांस अब दूसरे स्थान पर है। वहीं, ब्राज़ील तीसरे नंबर पर है जबकि बेल्जियम चौथे और इंग्लैंड पांचवें स्थान पर है। छठे पर नीदरलैंड्स, सातवें पर क्रोएशिया, आठवें पर इटली और पुर्तगाल नौवें स्थान पर है।

 

अप्रैल माह के पूर्ण चंद्रमा को ‘पिंक मून’ क्यों कहा जाता है?

आज और कल दिखने वाले अप्रैल के पूर्ण चंद्रमा को ‘पिंक मून’ भी कहा जाता है। ओल्ड फार्मर्स पंचांग के मुताबिक, इस पूर्ण चंद्रमा को उत्तरी-अमेरिका में वसंत ऋतु में जंगल में उगने वाले फ्लॉक्स सुबुलाता फूल से जोड़ा जाता है जिसे मॉस पिंक नाम से भी जाना जाता है। इसलिए अप्रैल का पूर्ण चंद्रमा ‘पिंक मून’ कहा जाता है।

 

हरियाणा सरकार ने मिड-डे मील का बजट 58% बढ़ाकर किया ₹661 करोड़

हरियाणा सरकार ने 14,409 प्राथमिक विद्यालयों के लिए मिड-डे मील के बजट को ₹384 करोड़ से 58% बढ़ाकर ₹661 करोड़ कर दिया है। मुख्य सचिव संजीव कौशल ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि भोजन मानकों के अनुसार और सफाई से बनाया जाए। वहीं, मिड-डे मील में प्रोटीन-युक्त भोजन बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

कौन-कौनसे खिलाड़ी बने हैं मार्च के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के दावेदार?

आईसीसी ने मार्च महीने के प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के दावेदारों के नामों की घोषणा कर दी है। पुरुषों में न्यूज़ीलैंड के केन विलियमसन, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और यूएई के आसिफ खान को नामित किया गया है। महिलाओं में पापुआ न्यू गिनी की सिबोना जिमी व रबीना ओआ और रवांडा की हेनरिऐट इश्मिवी अवॉर्ड की दावेदार हैं।

 

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आयरलैंड के लिए शतक जड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी बने टकर

26 वर्षीय लॉर्कन टकर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आयरलैंड के लिए शतक जड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ जारी मीरपुर टेस्ट की दूसरी पारी में गुरुवार को उन्होंने 149 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले केविन ओ ब्रायन ने 2018 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट में 118 रन की पारी खेली थी।

 

अमित शाह ने गुजरात में भगवान हनुमान की 54 फीट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हनुमान जयंती के मौके पर बोटाद (गुजरात) के सारंगपुर मंदिर में भगवान हनुमान की 54 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस कार्यक्रम का वीडियो व तस्वीरें भी सामने आई हैं जिसमें गृह मंत्री भगवान हनुमान की पूजा करते दिख रहे हैं। बकौल रिपोर्ट्स, मूर्ति का वज़न 30 हज़ार किलो है।

 

वर्ष 2022 में ₹7,563 करोड़ से अधिक के करीब 4.73 करोड़ ट्रैफिक चालान जारी हुए: सरकार

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि वर्ष 2022 में देश भर में यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर ₹7,563 करोड़ से अधिक के करीब 4.73 करोड़ ट्रैफिक चालान जारी हुए। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इन चालानों के ज़रिए सरकार को वर्ष 2022 में ₹2,874.41 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ।

 

वित्त वर्ष 2023-24 में भारत की खुदरा महंगाई दर 5.2% रहने का अनुमान: आरबीआई के गवर्नर

आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) ने 2023-24 के लिए खुदरा महंगाई दर के अनुमान को पहले के 5.3% से घटाकर 5.2% कर दिया है। बकौल दास, खुदरा महंगाई दर के पहली तिमाही में 5.1%, दूसरी व तीसरी तिमाही में 5.4% और चौथी तिमाही में 5.2% रहने का अनुमान है।

 

2023-24 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 6.5% रहने का अनुमान: आरबीआई के गवर्नर दास

आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि मौद्रिक नीति समिति ने 2023-24 के लिए वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर के अनुमान को पहले के 6.4% से बढ़ाकर 6.5% कर दिया है। बकौल दास, जीडीपी वृद्धि दर की पहली तिमाही में 7.8%, दूसरी तिमाही में 6.2%, तीसरी तिमाही में 6.1% और चौथी तिमाही में 5.9% रहने का अनुमान है।

 

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई में हुआ निधन

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का चेन्नई के अस्पताल में निधन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, “हमारे टाइगर जगरनाथ दा नहीं रहे! आज झारखंड ने अपना एक महान आंदोलनकारी, जुझारू, कर्मठ और जनप्रिय नेता खो दिया।” बीते माह बीमार हुए महतो को रांची से एयर ऐम्बुलेंस के ज़रिए चेन्नई शिफ्ट किया गया था।

 

दुनिया के 10 सबसे व्यस्त हवाईअड्डों की सूची जारी; 9वें स्थान पर रहा दिल्ली एयरपोर्ट

एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनैशनल वर्ल्ड ने 2022 के लिए दुनिया के 10 सबसे व्यस्त हवाईअड्डों की सूची जारी की है। इसमें हर्ट्सफील्ड-जैक्सन अटलांटा इंटरनैशनल एयरपोर्ट (अमेरिका) शीर्ष पर है जिसके बाद डैलस/फोर्टवर्थ, डेनवर, शिकागो ओहैयर का स्थान है। वहीं, दुबई इंटरनैशनल एयरपोर्ट, लॉस ऐंजिलिस इंटरनैशनल एयरपोर्ट, इस्तांबुल एयरपोर्ट, हीथ्रो एयरपोर्ट (यूके) और आईजीआई एयरपोर्ट (भारत) भी शीर्ष 10 में शामिल हैं।

 

Find More Miscellaneous News Here

 

Jio to Acquire Reliance Infratel for Rs 3,720 Crore_80.1

FAQs

बिहार के शिक्षा मंत्री कौन है?

बिहार के शिक्षा मंत्री का नाम प्रोफेसर चंद्रशेखर है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *