Home   »   Pod Taxi Project: बिना ड्राइवर चलेगी...

Pod Taxi Project: बिना ड्राइवर चलेगी भारत की पहली पॉड टैक्सी, जानें सबकुछ

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 07 अप्रैल 2026 को भारत की पहली चालक रहित ‘पॉड टैक्सी’ परियोजना का शिलान्यास किया। यह एक स्वचालित तीव्र पारगमन प्रणाली है, जिसे मुंबई में कुर्ला और बीकेसी के बीच विकसित किया जा रहा है, ताकि दैनिक यात्रियों को अंतिम-छोर तक पहुंच मिल सके। चेम्बूर स्थित डायमंड गार्डन मेट्रो स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्रियों- एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने भी शिरकत की।

इसका रूट कैसा होगा?

पहले चरण में पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला और बांद्रा ईस्ट के बीच शुरू होगी। इस क्षेत्र में ये टैक्सियां 3.36 किलोमीटर लंबे रूट पर चलेंगी। इस कॉरिडोर पर कुल 08 स्टेशन होंगे। निर्धारित स्टॉप में बांद्रा ईस्ट, कलानगर, पुरानी MMRDA बिल्डिंग, आबकारी विभाग, भारत डायमंड बोर्स गेट 11, MMRDA पे एंड पार्क सुविधा, LBS मार्ग एवं कुर्ला शामिल हैं। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स आने-जाने वाले कर्मचारियों को इस सेवा से काफी लाभ होने की उम्मीद है।

पॉड टैक्सी के रूट को बढ़ाने की योजना

पॉड टैक्सी के रूट को बढ़ाकर साल 2031 तक कुल 8.85 किलोमीटर करने की योजना है। इस विस्तारित नेटवर्क में 22 स्टेशन होंगे। बता दें, शुरू में 38 स्टेशनों का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि बाद में यह संख्या घटाकर 22 कर दी गई। इस बीच बीकेसी क्षेत्र के भीतर पॉड टैक्सी के रूट का और विस्तार किया जाएगा। इसमें एक सर्कुलर लूप जोड़ा जाएगा। पॉड टैक्सियां केवल इन निर्धारित स्टेशनों पर ही रुकेंगी तथा सर्कुलर लूप व्यवस्था यात्रियों को अपने विशिष्ट रूट चुनने की सुविधा देगी। इससे सबसे ज्यादा फायदा यात्रा का समय बचेगा।

मुख्य विशेषताएं

इस रूट पर हर 200 मीटर के अंतराल पर वातानुकूलित (AC) स्टेशन बनाए जाएंगे। प्रत्येक पॉड टैक्सी में एक बार में छह यात्रियों को ले जाने की क्षमता होगी। अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से इन टैक्सियों को चलने के लिए डिजाइन किया गया है। इस सेवा से साल 2031 तक 109,000 यात्रियों को सुविधा मिलने का अनुमान है। इस प्रोजेक्ट पर 1,016 करोड़ रुपये की लागत आने की उम्मीद है एवं इन टैक्सियों का संचालन 2027 तक मुंबई के मार्गों पर शुरू होने की योजना है।

पॉड टैक्सी पूरी तरह से ड्राइवर-रहित

यह पॉड टैक्सी पूरी तरह से ड्राइवर-रहित है। यह पॉड टैक्सी एक ऊंचे ट्रैक पर चलेगी। जो केवल 8 इंच चौड़ा है और 8 मीटर ऊंचे खंभों के सहारे टिका होगा। इस टैक्सी की लंबाई 3.5 मीटर, चौड़ाई 1.47 मीटर और ऊंचाई केवल 1.8 मीटर है। इस पॉड टैक्सी का इस्तेमाल करके मुंबई के ट्रैफिक जाम के बीच सफर करना बहुत ही ज्यादा आसान हो जाएगा।

AI-आधारित यह सेवा

‘पॉड टैक्सी’ में कोई चालक नहीं होगा और एआई-आधारित यह सेवा एक खास समर्पित मार्ग पर चलेगी तथा बैटरी ऊर्जा से संचालित होगी। हर पॉड में अधिकतम छह यात्री बैठ सकेंगे और यह 40 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ़्तार से हर 15 सेकंड के अंतराल पर चलेगी।

prime_image

TOPICS:

QR Code
Scan Me